लघुकथाएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लघुकथाएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 5 अप्रैल 2009

एक लघुकथा "ठेका"

खादी का कुर्ता पायजामा, आँखों पर सुनहरा चश्मा पहने नेता जी मंच से भाषण दे रहे थे :-
हमें देश को समृद्ध बनाना है
सबको काम और मकान देना है ।
देश से गरीबी हटाना है ।
तालियाँ और जिंदाबाद के नारे श्रोताओं से ज्यादा उनके चमचे लगा रहे थे ।
भाषण समाप्त कर नेता जी मंच से उतर कर जैसे ही अपनी बुलेटप्रूफ गाड़ी की ओर बढ़े तभी एक फटेहाल गरीब अधेड़ नेता जी के सामने पहुँचकर अपनी समस्या बता पाता, नेता जी के एक चमचे ने उसे धक्का देकर सामने से हटा दिया ।
वहीं इस घटना को नज़र अंदाज़ करते हुए नेताजी कार की गद्दी में धस गए ।
बस उनकी आवाज़ मेरे कानों में हथौडे जैसी लगी-
" साले भिखारी को इसी वक्त सामने आना था, जैसे गरीबी हटाने का "ठेका" वाकई हमने ही ले रखा हो ।
- विजय तिवारी " किसलय "

रविवार, 29 मार्च 2009

एक लघुकथा- "ऊँचाई"

थोड़ी देर पहले ही नारियल खरीद कर ले गये सत्यव्रत ने वापस लौट कर दुकानदार से कहा -

" अंकल, ग़लती से आपने मुझे कुछ पैसे ज़्यादा लौटा दिए हैं"

" वाकई, तुम नाम के अनुरूप सत्यव्रती हो बेटे।
भला, आजकल कौन पैसे लौटता है।
ईमानदारी किस बुरी तरह दम तोड़ रही है ? दूकानदार ने कहा।

पिता जी को जब यह पता चला तो उन्होंने सत्य व्रत को टटोलते हुए पूछ ही लिया

" इस तरह ईमानदारी दिखाने की क्या ज़रूरत थी तुम्हें"

सत्यव्रत की चुप्पी देखकर पिता मुस्कुराकर बोले:-

" तुमने ठीक ही किया है बेटे, मैं तो तुम्हारी परीक्षा ले रहा था।"

" ईमानदारी समझने और महसूस करने की बात है। इसकी मिठास जीवन पर्यंत मिलती है। वहीं बेईमानी क्षणिक फ़ायदेमंद होती है पर भविष्य वीभत्स बना देती है "

" बेटे किसी की भूल का बेजा फ़ायदा उठाना इंसान की फ़ितरत है, परंतु यह आदत उसे कभी ऊँचा उठाने में मददगार साबित नहीं होती"
" शाबाश " - पिता ने उसकी पीठ थपथपाई तो उसे लगा कि वह अपनी नज़र में ऊँचा, कहीं और ऊँचा तो नहीं उठ गया है। "
- विजय तिवारी " किसलय "